एक नवीन अध्ययन के अनुसार, अत्यधिक विशाल ‘अजोर्स हाई’ के परिणामस्वरूप पश्चिमी भूमध्यसागरीय क्षेत्र में असामान्य रूप से शुष्क स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिसमें मुख्य रूप से स्पेन और पुर्तगाल के कब्जे वाले इबेरियन प्रायद्वीप शामिल हैं।
यह एक उपोष्णकटिबंधीय मौसमी घटना है। शीत ऋतु के दौरान उपोष्णकटिबंधीय उच्च दबाव प्रणाली, पूर्वी उपोष्णकटिबंधीय उत्तरी अटलांटिक और पश्चिमी यूरोप में विस्तृत हो जाती है।
यह उपोष्णकटिबंधीय उत्तरी अटलांटिक में प्रति-चक्रवातीय पवनों की स्थिति है। इसका निर्माण उपोष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में शुष्क वायु के नीचे उतरने से होता है जो हैडली सर्कुलेशन की निचली शाखा के अनुरूप है।
यह इबेरियन प्रायद्वीप में अंगूर की खेती और जैतून के बागानों जैसे उत्पादक कृषि क्षेत्रों के लिये जलवायु जोखिम का कारण बन सकती है।
हैडली सेल, एक उष्णकटिबंधीय वायुमंडलीय परिसंचरण है। इसमें भूमध्य रेखा के समीप वायु ऊपर की ओर उठती है तथा पृथ्वी की सतह से 10-15 किमी. की ऊँचाई पर ध्रुवों की ओर बहती है। यह वायु उपोष्णकटिबंध में नीचे उतरती है तथा सतह के समीप भूमध्य रेखा की ओर लौटती है।