New
July Offer: Upto 75% Discount on all UPSC & PCS Courses | Offer Valid : 5 - 12 July 2024 | Call: 9555124124

शॉर्ट न्यूज़: 14 जनवरी, 2022

शॉर्ट न्यूज़: 14 जनवरी, 2022


हल्के लड़ाकू विमान कार्यक्रम

पाकिस्तान को हथियार की आपूर्ति और भारत की दलील

आरोग्य भारत स्वास्थ्य खाता (आभा)


हल्के लड़ाकू विमान कार्यक्रम

चर्चा में क्यों?

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एच.ए.एल.) की वर्ष 2024 में भारतीय वायु सेना (आई.ए.एफ.) को हल्के लड़ाकू विमान (एल.सी.ए मार्क-1ए) की डिलीवरी शुरू करने की योजना है। 

हल्के लड़ाकू विमान कार्यक्रम

हल्के लड़ाकू विमान कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 1970 से भारतीय वायुसेना का मुख्य आधार रहे मिग-21 लड़ाकू जेट विमानों के स्थान पर नए लड़ाकू विमान विकसित करना था। साथ ही, इसका अन्य उद्देश्य स्वदेशी घरेलू विमानन निर्माण क्षमता को प्रोत्साहित करना था।

एल.सी.ए. का विकास क्रम 

  • वर्ष 1984 में हल्के लड़ाकू विमान कार्यक्रम के प्रबंधन के लिये भारत सरकार ने वैमानिकी विकास एजेंसी (ए.डी.ए.) की स्थापना की। इस कार्यक्रम में एच.ए.ल., डी.आर.डी.ओ. और अन्य सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की भागीदारी थी।
  • इसके डिजाइन को वर्ष 1990 में एक छोटे टेल-लेस डेल्टा विंग एयरक्राफ्ट के रूप में अंतिम रूप दिया गया।
  • मई 2003 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने स्वदेशी एकल इंजन और बहु-भूमिका वाले हल्के लड़ाकू जेट को 'तेजस' नाम दिया।
  • पहले प्रोटोटाइप विमान ने नवंबर 2003 में उड़ान भरी और वर्ष 2005 में इसका परीक्षण चरण पूर्ण हुआ। जनवरी 2015 में भारतीय वायु सेना को पहला स्वदेश निर्मित हल्का लड़ाकू विमान ‘तेजस’ प्राप्त हुआ।

पाकिस्तान को हथियार की आपूर्ति और भारत की दलील

चर्चा में क्यों?

हाल ही में, भारत ने यूरोपीय संघ से पाकिस्तान को हथियारों की आपूर्ति रोकने के लिये फ्रांस से आग्रह किया है। विदित है कि फ्रांस वर्तमान में यूरोपीय संघ का अध्यक्ष होने के साथ-साथ भारत का महत्त्वपूर्ण रणनीतिक भागीदार है।  

क्या है भारत की दलील?

  • आतंकवाद समर्थित गतिविधियों का समर्थन : जम्मू और कश्मीर सहित कई अन्य क्षेत्रों से पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी कैडरों से विदेशी हथियार बरामद होने के कई उदाहरण हैं। 
  • संवेदनशील प्रौद्योगिकियों के हस्तांतरण की संभावना : पाकिस्तान, यूरोपीय संघ की हथियार प्रौद्योगिकी का हस्तांतरण चीन को भी कर सकता है।
  • मानवाधिकारों का उल्लंघन : पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों द्वारा अल्पसंख्यकों, नेताओं, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के मानवाधिकार उल्लंघन की घटनाएँ सामान्य हैं।

पाकिस्तान को हथियारों की आपूर्ति

  • पाकिस्तान को रक्षा प्रणालियों का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता देश चीन है। इसके बाद रूस का स्थान है।
  • पाकिस्तान के कुल रक्षा आयात के लगभग 6% की आपूर्ति इटली करता है। यह यूरोपीय देशों में पाकिस्तान का सबसे बड़ा रक्षा आपूर्तिकर्ता देश है। 

आरोग्य भारत स्वास्थ्य खाता (आभा)

चर्चा में क्यों?

डिजिटल स्वास्थ्य मिशन के तहत बनाए जाने वाले विशिष्ट स्वास्थ्य खातों को ‘आभा’ कहा जाएगा।

मुख्य बिंदु

  • आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन योजना के तहत आने वाले खातों को ‘आरोग्य भारत स्वास्थ्य खाता’ (ABHA) कहा जाएगा। इसके तहत प्रत्येक भारतीय को 14 अंक की एक अद्वितीय स्वास्थ्य पहचान संख्या (आई.डी) दी जाएगी। इसे सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
  • यह लोगों की आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत भागीदारी बढ़ाने, डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड बनाने और उन तक पहुँचने में सक्षम बनाएगी। यह प्रत्येक भारतीय के लिये व्यक्तिगत स्वास्थ्य पहचान, डॉक्टरों, स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यक्तिगत रिकॉर्ड के लिये एक डिजिटल स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करेगा।
  • उल्लेखनीय है कि सरकार ने 27 सितंबर, 2021 को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन शुरू किया था।

Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR