New
July Offer: Upto 75% Discount on all UPSC & PCS Courses | Offer Valid : 5 - 12 July 2024 | Call: 9555124124

शॉर्ट न्यूज़: 29 दिसंबर, 2020

शॉर्ट न्यूज़: 29 दिसंबर, 2020


थर्मोपोलियम (Thermopolium)

राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड का सहायता संघ

ज़ीरो कूपन बॉण्ड्स


थर्मोपोलियम (Thermopolium)

संदर्भ

हाल ही में, पुरातत्वविदों की एक टीम ने रोमन साम्राज्य के पोम्पई शहर में एक प्राचीन फास्ट फूड काउंटर ‘थर्मोपोलियम’ का पता लगाया है।

प्रमुख बिंदु

  • यह फास्ट फूड काउंटर लगभग 2000 वर्ष पुराना माना जा रहा है, जिसे इस शहर में एक असाधारण अवस्था में संरक्षित किया गया था।
  • काउंटर को पक्षियों के चमकीले रंग के भित्तिचित्र और समुद्र के निचले भाग की तस्वीर से सजाया गया है। इसके अतिरिक्त, एक मुर्गी को स्पष्ट रूप से एक लाल शिखा तथा भूरे पंख के साथ चित्रित किया गया है।
  • यहाँ स्टॉल के कंटेनरों में सूअर का मांस, मछली, घोंघे और गोमांस के कण पाए गए हैं जिससे यह माना गया है कि इनका प्रयोग प्राचीन व्यंजनों में किया जाता होगा।
  • बेहतर तरीके से संरक्षित थर्मोपोलियम की खोज शोधकर्ताओं को यह समझने में मदद कर सकती है कि पोम्पई में लोग कैसे रहते थे और उन्होंने 2,000 साल पहले क्या खाया था। साथ ही, यह शहर के निवासियों द्वारा उपभोग किये गए भोजन की विविधता को भी दर्शाता है।
  • विदित है कि वर्ष 2019 में पोम्पई के पुरातात्विक पार्क रेजियो वी में थर्मोपोलियम नामक फास्ट फूड काउंटर की आंशिक रूप से खुदाई की गई थी।
  • उल्लेखनीय है कि हाल ही में, इटली के संस्कृति मंत्रालय ने माउंट विसुवियस के ज्वालामुखी विस्फोट के समय के दो पुरुषों के पूर्णता संरक्षित अवशेषों के पाए जाने की घोषणा भी की थी।

पोम्पई शहर

  • पोम्पई दक्षिणी इटली के कैम्पानिया क्षेत्र में नेपल्स की खाड़ी पर स्थित है जो रोम के कुलीन नागरिकों के लिये एक रिसोर्ट शहर के रूप में जाना जाता है।
  • 2000 वर्ष पूर्व 79 ई. में माउंट वेसुवियस के विस्फोट के बाद यह शहर ज्वालामुखीय मलबे से पूरी तरह दब गया था।
  • पोम्पई शहर को यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता प्राप्त है।

राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड का सहायता संघ

संदर्भ

राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (NMPB) ने औषधीय पौधों की आपूर्ति शृंखला तथा मूल्य शृंखला के लिये हितधारकों के मध्य संपर्क को बढ़ाने के लिये एक सहायता संघ (Consortia)  का गठन किया है।

प्रमुख बिंदु

  • एन.एम.पी.बी. सहायता संघ के माध्यम से गुणवत्ता युक्त पादपों की खेती, अनुसंधान एवं विकास, औषधीय पौधों के व्यापार तथा बाज़ार से संबंधित पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करेगा।
  • साथ ही, इसके अंतर्गत किसानों और औषधि निर्माताओं के बीच संबंध स्थापित करने के लिये 'बीज से शेल्फ तक' दृष्टिकोण की शुरुआत की जा रही है। इसमें बेहतर कृषि पद्धतियों तथा फसल कटाई के बाद की उन्नत कार्यप्रणालियों को विकसित करने पर बल दिया जाएगा।
  • इसके अंतर्गत प्रथम चरण में निम्नलिखित औषधीय पौधों को शामिल किया जाएगा-
  • अश्वगंधा (Withania somnifera)
  • पिप्पली या पिपरी (Piper longum)
  • आंवला (Phyllanthus emblica)
  • गुग्गुल (Commiphora wightii)
  • शतावरी (Asparagus racemosus)

राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड ( National Medicinal Plants Board-NMPB)

  • राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड की स्थापना भारत सरकार द्वारा 24 नवंबर 2000 को औषधीय पादपों के विकास हेतु की गई थी। वर्तमान में यह बोर्ड आयुष मंत्रालय के अधीन कार्य कर रहा है। 
  • एन.एम.पी.बी. का प्रमुख लक्ष्य घरेलु एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर औषधीय पादपों के विकास से संबंधित नीतियों तथा कार्यक्रमों को लागू करना है।
  • एन.एम.पी.बी. विभिन्न मंत्रालयो, विभागों तथा संगठनों के मध्य समन्वय स्थापित करने के लिये एक उपयुक्त तंत्र का निर्माण करता है।

ज़ीरो कूपन बॉण्ड्स

संदर्भ

हाल ही में, केंद्र सरकार द्वारा पंजाब और सिंध बैंक को पुनर्पूंजीकृत करने के लिये वित्तीय नवाचार के रूप में ऋणदाताओं के लिये 5,500 करोड़ रुपये के  ब्याजरहित बॉण्ड/ज़ीरो कूपन बॉण्ड जारी किये गए हैं।

ज़ीरो कूपन बॉण्ड्स

  • ज़ीरो कूपन बॉण्ड्स को अधिकतर ‘ज़ीरोभी कहते हैं क्योंकि इन पर किसी प्रकार के ब्याज का भुगतान नहीं किया जाता है।
  • इसके बावजूद ज़ीरो कूपन बॉण्ड्स में निवेश को आकर्षक माना जाता है। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि यह हमेशा डिस्काउंट/छूट पर जारी किया जाता है। अर्थात् इसमें निवेश के लिये हमेशा निवेशकों को अंकित मूल्य (फेस वैल्यू) से कम भुगतान करना होता है। मैच्योरिटी पीरियड (परिपक्वता अवधि) से पहले इन बॉण्ड्स का व्यापार डिस्काउंटेड रेट पर ही होता है, प्रीमियम रेट पर नहीं।
  • ज़ीरो कूपन बॉण्ड खरीदने के बाद निवेशकों को बॉण्ड की परिपक्वता अवधि तक इंतज़ार करना होता है। परिपक्वता अवधि खत्म होने पर निवेशक को बॉण्ड का अंकित मूल्य प्राप्त होता है।
  • छूट पर मिले बॉण्ड के मूल्य और इसके अंकित मूल्य के बीच का अंतर ही निवेशक के लिये रिटर्न है।
  • ज़ीरो कूपन बॉण्ड ऐसे निवेशकों के लिये बहुत फायदेमंद है, जो बाज़ार में उतार-चढ़ाव के कारण निवेश करने से डरते हैं।

इसके अतिरिक्त, यह बॉण्ड उन निवेशकों के लिये भी बेहतर होते हैं, जो दीर्घकालिक निवेश के विकल्प के  साथ- साथ एकमुश्त बड़ा रिटर्न प्राप्त करना चाहते हैं।


Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR