New
July Offer: Upto 75% Discount on all UPSC & PCS Courses | Offer Valid : 5 - 12 July 2024 | Call: 9555124124

शॉर्ट न्यूज़ : 24 मई , 2024

शॉर्ट न्यूज़ : 24 मई , 2024


भारतीय रिजर्व बैंक ने सरकार के लिए अधिशेष की घोषणा की

हमास के नेताओं और इज़राइल के प्रधान मंत्री के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट

एनिमल डिप्लोमसी

एशियाई रिले चैंपियनशिप

श्रीनिवास आर कुलकर्णी को शॉ पुरस्कार

जनरल टू लैम - वियतनाम के नए राष्ट्रपति

गंगा नदी डॉल्फिन

सागा दावा त्योहार

स्पेन - अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का नया सदस्य


भारतीय रिजर्व बैंक ने सरकार के लिए अधिशेष की घोषणा की

संदर्भ 

  • भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के केंद्रीय निदेशक मंडल ने लेखा वर्ष 2023-24 के लिए केंद्र सरकार को अधिशेष के रूप में रिकॉर्ड 2,10,874 करोड़ के हस्तांतरण को मंजूरी दे दी।
  • साथ ही आर.बी.आई. ने आकस्मिक जोखिम बफर (CRB) को 6% से बढ़ाकर 6.5% करने का भी निर्णय लिया है।
  • इस तरह के अप्रत्याशित लाभ से वित्त वर्ष 2025 में केंद्र सरकार के राजकोषीय घाटे को 0.4% तक कम करने में मदद हो सकती है। 

RBIPAY

आर.बी.आई. द्वारा अधिशेष हस्तांतरण के प्रावधान 

  • भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम, 1934 की धारा 47 में आर.बी.आई.  द्वारा सरकार को अधिशेष के हस्तांतरण का प्रावधान किया गया है। 
    • धारा 47 के अनुसार, खराब और संदिग्ध ऋणों, परिसंपत्तियों में मूल्यह्रास, कर्मचारियों के लिए योगदान और सेवानिवृत्ति निधि के लिए प्रावधान करने के बाद आमतौर पर बैंक द्वारा लाभ का शेष भुगतान केंद्र सरकार को किया जाएगा।
  • आर.बी.आई. द्वारा हस्तांतरण योग्य अधिशेष का निर्धारण “आर्थिक पूंजी ढांचे (Economic Capital Framework)” के आधार पर किया जाता है।  
    •  आर.बी.आई. ने मौजूदा आर्थिक पूंजी ढांचा 26 अगस्त, 2019 को डॉ. बिमल जालान की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के अनुरूप तैयार किया है। 
    • विशेषज्ञ समिति ने सिफारिश की थी कि सी.आर.बी. के तहत जोखिम प्रावधान को आरबीआई की बैलेंस शीट के 6.5-5.5% के दायरे में बनाए रखा जाना चाहिए।

क्या है आकस्मिक जोखिम बफ़र 

  • आकस्मिक जोखिम बफ़र (Contingency Risk Buffer) केंद्रीय बैंक द्वारा रखी गई एक विशिष्ट प्रावधान निधि है जिसका उपयोग मुख्य रूप से किसी भी अप्रत्याशित और अनपेक्षित आकस्मिकताओं के दौरान किया जाता है।
  • इन अप्रत्याशित आकस्मिकताओं में प्रतिभूतियों के मूल्यों का मूल्यह्रास, मौद्रिक दर नीति परिवर्तन से जोखिम, व्यवस्था के लिए प्रणालीगत जोखिम आदि शामिल हो सकते हैं।
  • यह आम तौर पर आर.बी.आई. की बैलेंस शीट के 5.5-6.5% की सीमा में होता है। 
  • आरबीआई बोर्ड ने सीआरबी को पहले के 6% से बढ़ाकर 6.5% करने का भी निर्णय लिया क्योंकि अर्थव्यवस्था मजबूत और लचीली बनी हुई है।

आर.बी.आई. को अधिशेष भुगतान के लिए पैसा कहाँ से मिलता है?

  • आकस्मिकताओं या संभावित नुकसान के लिए पर्याप्त प्रावधान करने के बाद आर.बी.आई. वार्षिक रूपसे केंद्र सरकार को अपना अधिशेष हस्तांतरित करता है।
  • आर.बी.आई. के अधिशेष का एक महत्वपूर्ण हिस्सा वित्तीय बाजारों में इसके संचालन से आता है, विशेषकर विदेशी मुद्रा खरीद या बिक्री में हस्तक्षेप से।
  • आर.बी.आई. अपने पास मौजूद सरकारी प्रतिभूतियों और अपनी विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों से प्रतिलाभ के रूप में, जो कि विदेशी केंद्रीय बैंकों के बांड या टॉप-रेटेड प्रतिभूतियों में निवेश है, से भी आय अर्जित करता है।
  • आर.बी.आई. की आय के अन्य स्रोतों में अन्य केंद्रीय बैंकों या बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट (BIS) में जमा राशि शामिल है।
  • इसके अतिरिक्त, केंद्रीय बैंक बहुत कम अवधि के लिए बैंकों को ऋण देने और राज्य सरकारों तथा केंद्र सरकार की उधारी को संभालने पर प्रबंधन कमीशन से भी आय अर्जित करता है

हमास के नेताओं और इज़राइल के प्रधान मंत्री के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट

संदर्भ

हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) के अभियोजक ने इजराइल-फिलिस्तीन युद्ध के संबंध में हमास के नेताओं और इज़राइल के प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट का अनुरोध किया है।

आरोप क्या है?

  • मानवता के विरुद्ध अपराध :  इन अपराधों में हत्या, विनाश, यातना, बलात्कार और यौन अपराध शामिल हैं।
    • उपरोक्त कृत्य किसी राज्य/देश या संगठनात्मक नीति के तहत किए गए आम लोगों पर व्यापक या व्यवस्थित हमले का हिस्सा होना चाहिए।
  • यूद्ध अपराध : इसके अंतर्गत सशस्त्र संघर्ष के दौरान जिनेवा कन्वेंशन का गंभीर उल्लंघन शामिल है।
    • इन अपराधों में नागरिकों या युद्धबंदियों की जानबूझकर हत्या या यातना और संपत्ति का गैरकानूनी विनाश या विनियोग शामिल है।
    • इसके अलावा, भुखमरी को हथियार के रूप में उपयोग करना और राहत आपूर्ति में बाधा डालना भी युद्ध अपराध के अंतर्गत आता है।

इजराइल पर ICC का अधिकार क्षेत्र की स्थिति क्या है?

  • इज़राइल रोम संविधि का पक्षकार नहीं है। गौरतलब है कि, अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय का गठन रोम संविधि द्वारा किया गया है। 
  • फिलिस्तीन वर्ष 2015 में 123वें सदस्य के रूप में रोम संविधि में शामिल हुआ था।  हालाँकि, संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा इससे पहले ही फिलिस्तीन को "गैर-सदस्य पर्यवेक्षक राज्य" का दर्जा दिया गया था।
  • चूँकि, किसी सदस्य देश (जैसे फ़िलिस्तीन) की सीमा के अंदर ICC के सदस्य देशों अथवा गैर- सदस्य देशों (जैसे इज़राइल) दोनों के नागरिकों द्वारा किए गए अपराधों पर ICC का अधिकार क्षेत्र है।
    • अतः इजराइल द्वारा फ़िलिस्तीन के विरुद्ध किया गया कोई भी अपराधिक कृत्य ICC का अधिकार क्षेत्र में आएगा। 
  • इसके अलावा, वर्ष 2021 के एक फैसले के अनुसार, ICC का अधिकार क्षेत्र जून 1967 के अरब-इजरायल युद्ध के बाद इज़राइल द्वारा कब्जा किए गए सभी फिलिस्तीनी क्षेत्रों तक विस्तारित है।

अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) के बारे में

  • क्या है : अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय दुनिया का पहला स्थायी अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय है जो अंतर्राष्ट्रीय कानून के तहत अपराधों के लिए व्यक्तियों पर मुकदमा चलाने के लिए स्थापित किया गया था।
  • स्थापना : वर्ष 1998 में, रोम संविधि को अपनाने के साथ।
    • हालाँकि, वर्ष 2003 में इस न्यायालय ने काम करना शुरू किया था।
  • उद्देश्य : अपराधों के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराना और इन अपराधों को दोबारा होने से रोकने में मदद करना, चाहे उस व्यक्ति का पद या स्थिति कुछ भी हो।
    • अंतिम उपाय की अदालत के रूप में : अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए चिंता के सबसे गंभीर अपराधों के आरोप वाले व्यक्तियों पर जब स्थानीय क्षेत्राधिकार अनिच्छुक होते हैं या मुकदमा चलाने में विफल होते हैं तब उनके खिलाफ ICC जांच करता है और मुकदमा चलाता है।
    • इन अपराधों के अंतर्गत शामिल हैं; नरसंहार, मानवता के खिलाफ अपराध, युद्ध अपराध और आक्रामकता के अपराध आदि।
  • मुख्यालय : हेग (नीदरलैंड)। 
  • सदस्यता : इसमें शामिल होने के लिए देशों को रोम संविधि पर हस्ताक्षर करना होता है और अपनी विधायिकाओं की सहमति से इसका अनुमोदन करना होता है।
    • वर्तमान में, 124 देश ICC के सदस्य हैं, जिसमें अफ्रीकी देशों की संख्या सर्वाधिक है।
    • नवीनतम सदस्य देश आर्मेनिया गणराज्य (124वाँ) है, जो फरवरी 2024 में शामिल हुआ। 
  • अमेरिका, रूस, इज़राइल और सीरिया आदि देशों रोम संविधि पर हस्ताक्षर किए हैं, लेकिन कभी इसकी पुष्टि नहीं की।
  • इसके अलावा, भारत, चीन, इराक, उत्तर कोरिया और तुर्की आदि देशों ने रोम संविधि पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। 

नोट : ICC अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) से भिन्न है जो राज्यों के बीच कानूनी विवादों से निपटता है।

  • ICC का क्षेत्राधिकार : 
    • 1 जुलाई 2002 को या उसके बाद किए गए नरसंहार, मानवता के खिलाफ अपराध या युद्ध अपराध ; और
    • अपराध किसी सदस्य देश के नागरिक द्वारा या किसी सदस्य देश के क्षेत्र में या ऐसे राज्य/क्षेत्र में किए गए हों जिसने न्यायालय के अधिकार क्षेत्र को स्वीकार कर लिया है; या 
    • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) द्वारा अपराधों को ICC अभियोजक के पास भेजा गया हो।
    • ICC में 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों पर मुकदमा नहीं चलाया जा सकता है।
  • गौरतलब है कि, जब कोई स्थिति न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में नहीं होती है, तो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद उस स्थिति को अधिकार क्षेत्र प्रदान करते हुए ICC को संदर्भित कर सकती है। 
    • ऐसा सूडान और लीबिया के मामले में किया गया था।
  • प्रवर्तन निकाय : एक न्यायिक संस्था के रूप में, ICC के पास अपना स्वयं का पुलिस बल या प्रवर्तन निकाय नहीं है। 
    • विशेष रूप से गिरफ्तारी करने, गिरफ्तार व्यक्तियों को हेग में ICC हिरासत केंद्र में स्थानांतरित करने, संदिग्धों की संपत्ति जब्त करने और सजा लागू करने के लिए, यह दुनिया भर के देशों के साथ सहयोग पर निर्भर करता है।

अभियोजक की क्या भूमिका है?

  • जांचकर्ता के रूप में : ICC के अधिकार क्षेत्र के तहत, अभियोजक का कार्यालय उन स्थितियों की जांच करता है जहां नरसंहार, मानवता के खिलाफ अपराध, युद्ध अपराध और आक्रामकता हुई प्रतीत होती है और आरोपियों के खिलाफ जांच और मुकदमा चलाता है।
  • वारंट या सम्मन जारी करने हेतु अनुरोधकर्ता के रूप में : सबूतों के आधार पर, अभियोजक न्यायाधीशों से गिरफ्तारी का वारंट या पेश होने के लिए सम्मन जारी करने का अनुरोध करता है। 
    • एक बार वारंट जारी होने के बाद, ऐसे मामलों में भी जहां गिरफ्तारी में देरी होती है, गिरफ्तारी वारंट जीवन भर के लिए वैध होते हैं।

एनिमल डिप्लोमसी

संदर्भ 

वर्तमान वैश्विक राजनीति में विभिन्न देशों द्वारा एक प्रभावी कूटनीतिक उपकरण के रूप में एनिमल डिप्लोमेसी का उपयोग किया जा रहा है।

क्या है एनिमल डिप्लोमेसी

  • एनिमल डिप्लोमेसी के अंतर्गत विभिन्न देशों के बीच मित्रता या सद्भावना के संकेत के रूप में जानवरों को उपहार या उधार के रूप में देना शामिल है। 
  • इसमें सांस्कृतिक महत्व वाले या उपहार देने वाले देश के स्थानिक जानवर विशेष रूप से शामिल किए जाते हैं। इसलिए उन्हें कूटनीति के लिए प्रभावशाली उपकरण के रूप में मान्यता दी जाती है। 
    • इसके परिणामस्वरूप प्राप्तकर्ता राष्ट्र सामान्यत: ऐसी प्रजातियों की रक्षा करने के लिए सहमत होता है जिससे राष्ट्रों के बीच सामंजस्य बढ़ता है।

एनिमल डिप्लोमेसी का इतिहास

  • एनिमल डिप्लोमेसी के पहले दर्ज उदाहरण मिस्र की प्राचीन सभ्यताओं में खोजे जा सकते हैं जहाँ मिस्र के फारोह शासकों ने अपनी संपत्ति और शक्ति के प्रदर्शन के लिए अन्य शासकों को दुर्लभ जानवर उपहार में दिए। 
    • इनमें फिरौन हत्शेपसुत का विशेष उल्लेख मिलता है, जिसने 1500 ई.पू. के आसपास सीरिया के राजा को उपहार के रूप में एक जिराफ भेजा था।
  • मध्य युग और पुनर्जागरण काल के दौरान यूरोपीय राजा प्रकृति पर अपना अधिकार दिखाने के लिए प्राय: शेर और बाघ जैसे जानवरों का आदान-प्रदान करते थे। 
    • ये राजसी जानवर शक्ति और भव्यता के प्रतीक थे।
  • प्राचीन काल में एक उपहार के रूप में दिए गए शेर को शाही अनुग्रह और शक्ति दोनों का प्रतीक माना जाता था। 
  • मित्रता और वफादारी प्रदर्शित करने के लिए सम्राट विदेशी नेताओं को शेर दे देते थे।  
  • हाथियों को उनकी बुद्धिमत्ता और ताकत के लिए एशिया में सर्वोच्च मान्यता प्राप्त है। हाथी एशियाई  देशों के बीच दूत के रूप में कार्य करते थे।

विभिन्न देशों की एनिमल डिप्लोमेसी 

चीन की पांडा कूटनीति

  • चीन की एनिमल डिप्लोमेसी की शुरुआत तांग राजवंश से प्रारंभ होती है जब सम्राटों ने शांति व सहयोग के प्रतीक के रूप में विदेशी शासकों को पांडा प्रदान किए थे। 
  • नवंबर 2023 में राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिकी समकक्ष जो बिडेन के साथ एक महत्वपूर्ण राजनयिक कदम के रूप में पांडा कूटनीति को पुनर्स्थापित करने का प्रयास किया। 
    • यह दोनों देशों के मध्य द्विपक्षीय संबंधों में संभावित नरमी का संकेत है।

मलेशिया की ओरंगुटान कूटनीति

  • मलेशिया सॉफ्ट पावर के प्रति अपने दृष्टिकोण को ‘ऑरंगुटान कूटनीति’ के रूप में वर्णित करता है। 
  • इस रणनीति का लक्ष्य पर्यावरणीय मुद्दों के लिए ऑरंगुटान संरक्षण प्रयासों का उपयोग करके अन्य देशों को जोड़ना है।
  • मलेशिया की इस कूटनीति का प्रमुख लक्ष्य हैं : 
    • वन्यजीव की सुरक्षा के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय छवि में वृद्धि 
    • पाम तेल के सतत उत्पादन को प्रोत्साहन 
    • ऑरंगुटान संरक्षण के लिए अन्य देशों के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही 
  • यह योजना चीन, भारत और यूरोपीय संघ जैसे पाम तेल के मुख्य आयातकों को ऑरंगुटान प्रदान करने का सुझाव देती है। 

ऑस्ट्रेलिया की कोआला डिप्लोमेसी 

  • वर्ष 2014 में ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के का दौरान ऑस्ट्रेलिया ने कोआला कूटनीति प्रस्तुत की जिसमें ऑस्ट्रेलिया में पाए जाने वाले कोआला का उपयोग किया गया।
  • सम्मेलन की पूरी अवधि के दौरान दुनिया भर के नेताओं को कोआला पकड़े हुए दिखाने वाली छवियों को प्रस्तुत किया गया।

अन्य देशों के उदाहरण 

  • हाथियों को उपहार देना, सदियों से थाई कूटनीति का हिस्सा रहा है। 
  • तुर्कमेनिस्तान अपने अमूल्य अखल-टेके घोड़ों को राजनयिक उपहार के रूप में उपयोग करता है।

एनिमल डिप्लोमेसी का महत्त्व 

  • एनिमल डिप्लोमेसी के माध्यम से विभिन्न देशों के बीच भविष्य में सहयोग और साझेदारी की संभावनाएं विद्यमान हैं जो प्रकृति की रक्षा और अंतरराष्ट्रीय समझ को बढ़ाने के उद्देश्य से पारंपरिक भू-राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठ सकती हैं।
  • देश अपने वन्यजीवों से संबंधित संरक्षण परियोजनाओं पर मिलकर काम कर सकते हैं। इससे प्राणियों के कल्याण के लिए साझा जिम्मेदारी आती है और देशों के राजनयिक संबंध मजबूत होते हैं। 
  • अद्वितीय लुप्तप्राय प्रजातियों के निवास स्थल वाले कुछ छोटे देश भी इस प्रकार की कूटनीति का उपयोग कर सकते हैं जिससे लुप्तप्राय प्रजातियों के संरक्षण को बढ़ावा मिल सकता है। 
  • एनिमल डिप्लोमेसी पर्यावरणीय चिंताओं पर अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने का एक साधन बन सकती है।

एशियाई रिले चैंपियनशिप

ASUAR

चर्चा में क्यों ?

  • हाल ही में पहली एशियाई रिले चैंपियनशिप बैंकॉक, थाईलैंड में आयोजित हुई।
    • इस चैंपियनशिप में कुल 16 एशियाई देशों ने भाग लिया था।
    • इसमें भारतीय एथलेटिक टीमों ने तीन पदक (एक स्वर्ण और दो रजत) जीते।
  • भारत की मिश्रित रिले टीम ने 4x400 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
    • इस टीम में मुहम्मद अजमल, ज्योतिका श्री दांडी, अमोज जैकब और सुभा वेंकटेशन शामिल थे।
  • भारत की पुरुष टीम एवं महिला टीम ने 4x400 मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीता

श्रीनिवास आर कुलकर्णी को शॉ पुरस्कार

KULKARNI

चर्चा में क्यों ?

  • हाल ही में भारतीय-अमेरिकी वैज्ञानिक प्रोफेसर श्रीनिवास आर कुलकर्णी ने शॉ पुरस्कार जीता।
  • इन्हें यह पुरस्कार खगोल विज्ञान में उनकी अभूतपूर्व खोजों के लिए दिया गया 

शॉ पुरस्कार

  • इसकी स्थापना वर्ष 2002 में हुई थी 
  • यह पुरस्कार शॉ फाउंडेशन द्वारा दिया जाने वाला वार्षिक पुरस्कार है। 
  • इस पुरस्कार को "पूर्व का नोबेल" कहा जाता है।
  • यह तीन क्षेत्रों में दिया जाता है।
    • खगोल विज्ञान
    • चिकित्सा और जीव विज्ञान  
    • गणित
  • यह उन लोगों को दिया जाता है जो वर्तमान में अपने संबंधित क्षेत्रों में प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की है।
  • यह मरणोपरांत नहीं दिया जाता है।

जनरल टू लैम - वियतनाम के नए राष्ट्रपति

TOLEM

चर्चा में क्यों ?

  • हाल ही में जनरल टू लैम को वियतनाम का नया राष्ट्रपति चुना गया। 
  • टू लैम, इससे पहले वियतनाम के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री थे

VIATNAMMP

वियतनाम

  • यह दक्षिणपूर्व एशिया के हिन्दचीन प्रायद्वीप के पूर्वी भाग में स्थित एक देश है।
  • इसकी सीमा चीन, लाओस और कंबोडिया से लगती है
  • राजधानी – हनोई
  • मुद्रा -  वियतनामी डोंग

प्रश्न – वियतनाम की सीमा निम्नलिखित में से किस देश से नहीं लगती है ?

(a) चीन

(b) लाओस

(c) कंबोडिया

(d) थाईलैंड 


गंगा नदी डॉल्फिन

GDOLFIN

चर्चा में क्यों ?

  • भारतीय वन्यजीव संस्थान की एक रिपोर्ट के अनुसार गंगा और उसकी सहायक नदियों में लगभग 4,000 गंगा नदी डॉल्फिन हैं  
    • इनमें से लगभग 2000 से अधिक डॉल्फिन सिर्फ उत्तर प्रदेश में हैं 
  • डॉल्फ़िन की बढ़ती आबादी को नदी के पर्यावरण के लिए एक अच्छा संकेत माना जाता है। 

गंगा नदी डॉल्फिन

  • इसका वैज्ञानिक नाम प्लैटनिस्टा गैंगेटिका है।
  • यह भारत का राष्ट्रीय जलीय जीव है।
    • यह डॉल्फ़िन अंधी होती हैं
    • यह सिर्फ मीठे पानी में ही रह सकती हैं
    • यह पानी में सांस नहीं ले सकती इसीलिए इसे साँस लेने के लिये पानी से बाहर आना पड़ता है
    • साँस लेते समय निकलने वाली ध्वनि के कारण इसे 'सुसु' भी कहा जाता है 
  • यह भारत, नेपाल और बांग्लादेश में पाई जाती है।
  • भारत में यह गंगा नदी और उसकी सहायक घाघरा, कोसी, गंडक, चंबल, और यमुना आदि नदियों में पाई जाती है।
  • यह वन्य जीवन (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में सूचीबद्ध है 

भारतीय वन्यजीव संस्थान

  • स्थापना -  वर्ष 1982 
  • यह पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वतंत्र निकाय है।
  • यह संस्था वन्यजीव अनुसंधान और प्रबंधन में प्रशिक्षण कार्यक्रम, शैक्षणिक पाठ्यक्रम और सलाह प्रदान करती है।
  • यह देहरादून में स्थित है।

सागा दावा त्योहार

SAHADAVA

चर्चा में क्यों ?

  • हाल ही में सिक्किम में सागा दावा त्योहार मनाया गया

सागा दावा त्योहार

  • यह त्योहार प्रति वर्ष तिब्बती बौद्ध कैलेंडर के चौथे महीने के 15वें दिन मनाया जाता है।
  • तिब्बती भाषा में सागा का मतलब चौथा और दावा का मतलब महीना होता है।
  • तिब्बती कैलेंडर का चौथा महिना सिक्किम के बौद्धों के लिए एक शुभ महीना होता है, जिसमें पूरे महीने विभिन्न मठों में प्रार्थनाएँ होती हैं। 
  • तिब्बती परंपरा में इसे पुण्य का महीना कहा जाता है
  • इस महीने की पूर्णिमा को सागा दावा त्योहार मनाया जाता है।
  •  इसे भारत के बाकी हिस्सों में बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है
  • यह सिक्किम के सबसे प्रसिद्ध और सबसे बड़े त्यौहारों में से एक है 
  • ऐसा माना जाता है कि इसी दिन बुद्ध का जन्म हुआ, उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई और निर्वाण प्राप्त हुआ।
  • इसे 'ट्रिपल ब्लेस्ड फेस्टिवल' के नाम से भी जाना जाता है
  • लोसर, दसई, लोसूंग आदि सिक्किम के अन्य प्रमुख त्यौहार हैं 

स्पेन - अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का नया सदस्य

SPAINS

चर्चा में क्यों ?

  • हाल ही में स्पेन अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में सदस्य के रूप में शामिल हुआ 
  • यह अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का 99वां सदस्य देश है 

अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन

  • अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की स्थापना वर्ष 2015 में पेरिस में आयोजित जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन के 21वें सम्मेलन के दौरान हुई थी 
  • इसका मुख्यालय गुरुग्राम(हरियाणा) में है 
  • इसका उद्देश्य जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता को कम करने के लिए सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है 
  • यह अपने सदस्य देशों में ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऊर्जा परिवर्तन को बढ़ावा देने के साधन के रूप में सौर ऊर्जा प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देता है  

स्पेन

  • स्पेन, यूरोप के दक्षिण-पश्चिम में आईबेरियन प्रायद्वीप पर स्थित एक देश है
  • इसके दक्षिण और पूर्व में भूमध्य सागर, उत्तर में फ्रांस और बिस्के की खाड़ी ,पश्चिम में अटलांटिक महासागर और पुर्तगाल स्थित है. 
  • पिरेनीज़ पर्वत स्पेन को फ्रांस से अलग करता है। 
  • टैगस, इब्रो और डुएरो स्पेन की प्रमुख नदियाँ हैं. 
  • राजधानी - मैड्रिड 
  • मुद्रा - यूरो

Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR